नीति सैन। दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले की भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने लूट के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी और दो पर्स भी बरामद किए हैं।
क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार, 27 जून को भलस्वा डेयरी थाना में एक PCR कॉल प्राप्त हुई, जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि समता विहार स्थित मंगल बाजार रोड के पास कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन, नकदी और पर्स लूट लिए।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम को शिकायतकर्ता सियाराम मुखिया, निवासी भलस्वा डेयरी, ने बताया कि वह अपने भाई और भतीजे के साथ खराब ई-रिक्शा को धक्का देकर ले जा रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवकों ने उन्हें रोककर मारपीट की और मोबाइल फोन, नकदी व तीन पर्स लूटकर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर भलस्वा डेयरी थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, स्थानीय खुफिया जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पहले शिवम उर्फ मांगे को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने तीन साथियों दीपक उर्फ टिल्ला, हिमांशु उर्फ बिल्ला और मनोज उर्फ कल्लू के नाम बताए।
इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर लूटा गया लूटा गया टेक्नो मोबाइल फोन, दो पर्स, नकद राशि बरामद कर लिया गई। आरोपियों की पहचान शिवम उर्फ मांगे मुकुंदपुर, मनोज कुमार उर्फ कल्लू मुकुंदपुर, दीपक उर्फ टिल्ला मुकुंदपुर, हिमांशु उर्फ बिल्ला मुकुंदपुर, के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं या नहीं। सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

