जोजो। पल्लवपुरम फेस-1 स्थित सप्त ऋषि पार्क में सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन, पल्लवपुरम द्वारा अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री ज्वाल ओराम तथा विशिष्ट अतिथि मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने समय पर कार्यक्रम में पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों से संवाद किया और केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा नीतियों की जानकारी साझा की। केंद्रीय मंत्री ज्वाल ओराम ने सरल एवं सहज अंदाज में अपने अनुभव वरिष्ठ नागरिकों के साथ साझा किए और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए यथासंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में 250 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान जुलाई, अगस्त और सितंबर माह में जन्मे वरिष्ठ नागरिकों को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं तथा उन्हें उपहार प्रदान किए गए। वहीं, 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने सभी वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई। इन योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन और वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में संस्था के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी धर्मवीर कपिल ने महत्वपूर्ण जानकारी रखी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रविंदर कुमार सिंह, अशोक कुमार शर्मा, आर.पी. गुप्ता, दीप कमल शर्मा, रमेश चंद अग्रवाल, राजेश गोयल सहित पूरी कार्यकारिणी के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ नागरिकों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों को एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी समस्याओं एवं अनुभवों को साझा करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।

