अजय शर्मा: बाहरी-उत्तरी दिल्ली, 18 मई युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित “मेरा युवा भारत” (MY Bharat) बाहरी-उत्तरी दिल्ली द्वारा 14 से 18 मई 2026 तक आयोजित अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम (Experiential Learning Program-ELP) का सफलतापूर्वक समापन हुआ। पांच दिवसीय इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खाद्य सुरक्षा व्यवस्था, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली की व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान, MY Bharat के स्वयंसेवकों ने जिला युवा अधिकारी (DYO) एवं अकाउंट्स एंड प्रोग्राम असिस्टेंट (APA) के साथ भारतीय खाद्य निगम (FCI) नरेला गोदाम का भ्रमण किया, जहां खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी श्री कमल राणा तथा एफसीआई नरेला के डिपो प्रबंधक श्री सुनील कुमार ने प्रतिभागियों को किसानों से अनाज खरीद (Procurement) की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। स्वयंसेवकों को बताया गया कि किस प्रकार किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर अनाज की खरीद की जाती है तथा गुणवत्ता जांच, तौल, दस्तावेज सत्यापन एवं भंडारण की प्रक्रिया पूरी की जाती है।
इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने नरेला एवं टिकरी खुर्द, स्थित राशन वितरण कार्यालयों का क्षेत्रीय भ्रमण (Field Visit) किया। इस दौरान प्रतिभागियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के अंतर्गत राशन वितरण की प्रक्रिया, लाभार्थियों के पंजीकरण, ई-पॉस मशीनों के उपयोग, खाद्यान्न भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने युवाओं को बताया कि किस प्रकार सरकार द्वारा निर्धारित पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से पहुंचाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने खाद्य सुरक्षा, राशन वितरण व्यवस्था, किसानों की सुविधाओं तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर अधिकारियों से प्रश्न पूछकर जानकारी प्राप्त की। प्रतिभागियों ने कहा कि इस प्रकार के अनुभवात्मक कार्यक्रम उन्हें प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर समझने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उनकी व्यावहारिक समझ एवं सामाजिक जागरूकता में वृद्धि होती है।

इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी ने कहा, कि अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम युवाओं को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें शासन व्यवस्था एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि MY Bharat द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के समापन, अवसर पर अधिकारियों ने स्वयंसेवकों को खाद्य सुरक्षा एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित जानकारी समाज तक पहुंचाने तथा जनजागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। MY Bharat बाह्य उत्तरी दिल्ली द्वारा आयोजित यह पांच दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम युवाओं के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।

