अजय शर्मा: दिल्ली सरकार के नरेला स्थित सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में मंगलवार को रोगी कल्याण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक एवं रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष राजकरण खत्री ने की। बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा मरीजों को सुविधाजनक उपचार उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में समिति के सदस्यों, ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में मौजूद कई कमियों और समस्याओं को भी उजागर किया गया, जिनके समाधान पर गंभीरता से विचार किया गया। अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक ज्योत्सना भारती ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुधारने और समन्वय के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया।
बैठक के बाद विधायक राजकरण खत्री ने कहा, कि पिछली सरकारों ने अस्पताल की सुविधाओं के विस्तार और विकास पर विशेष ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण आज भी कई जरूरी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
राजकरण खत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है, कि आने वाले समय में अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को निराश होकर वापस न लौटना पड़े। मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में दिल्ली सरकार, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) तथा दिल्ली पुलिस से संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

