असल न्यूज़: पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 इलाके में वाहन मालिक इन दिनों एक अजीब समस्या से जूझ रहे हैं। क्षेत्र में खड़ी कई गाड़ियों की पिछली नंबर प्लेटें रहस्यमय तरीके से गायब होने की घटनाएं सामने आई हैं। हैरानी की बात यह है कि गाड़ियों की केवल पीछे की नंबर प्लेटें ही चोरी हो रही हैं, जबकि आगे की प्लेटें सुरक्षित हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में कई वाहन मालिकों ने अपनी गाड़ियों की पिछली नंबर प्लेट गायब होने की शिकायत की है। सुबह जब लोग अपनी गाड़ियों के पास पहुंचे तो उन्हें पीछे की नंबर प्लेट नहीं मिली। इससे इलाके में चिंता और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
वाहन मालिकों का कहना है, कि नंबर प्लेट चोरी होने से उन्हें कानूनी और प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। आशंका जताई जा रही है कि चोरी की गई नंबर प्लेटों का इस्तेमाल किसी आपराधिक गतिविधि, फर्जी वाहन पहचान या ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन में किया जा सकता है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले, की गंभीरता से जांच करने और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस भी घटनाओं की जानकारी जुटाने और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है।
विशेषज्ञों का मानना है, कि वाहन नंबर प्लेट चोरी के मामलों को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए, क्योंकि इनका इस्तेमाल विभिन्न गैरकानूनी गतिविधियों में किया जा सकता है। ऐसे मामलों में वाहन मालिकों को तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराने और नई नंबर प्लेट जारी कराने की सलाह दी जाती है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है, कि नंबर प्लेट चोरी के पीछे कौन लोग हैं और उनका उद्देश्य क्या है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

