असल न्यूज़: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) में नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। फूड सेफ्टी अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने ग्रुप-ए और ग्रुप-सी के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत ज्वाइंट डायरेक्टर, मैनेजर (आईटी) और जूनियर असिस्टेंट ग्रेड-II के कुल 15 पद भरे जाएंगे।
एफएसएसएआई ने भर्ती विज्ञापन DEP-02/2026, जारी कर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 26 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
किन पदों पर होगी भर्ती?
भर्ती के तहत ज्वाइंट डायरेक्टर के 3 पद, मैनेजर (आईटी) के 2 पद और जूनियर असिस्टेंट ग्रेड-II के 10 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
ज्वाइंट डायरेक्टर, पद के लिए चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-12 के तहत ₹78,800 से ₹2,09,200 तक वेतन मिलेगा। मैनेजर (आईटी) पद के लिए पे लेवल-11 के अनुसार ₹67,700 से ₹2,08,700 तक वेतन निर्धारित किया गया है। वहीं जूनियर असिस्टेंट ग्रेड-II को पे लेवल-2 के तहत ₹19,900 से ₹63,200 तक वेतन मिलेगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
यह भर्ती डेप्युटेशन (प्रतिनियुक्ति) आधार पर की जा रही है। आवेदन के लिए उम्मीदवार का केंद्र सरकार, राज्य सरकार, केंद्र शासित प्रदेश, सरकारी विश्वविद्यालय, शोध संस्थान, सार्वजनिक उपक्रम (PSU) या स्वायत्त/सांविधिक संस्थान में कार्यरत होना जरूरी है।
ज्वाइंट डायरेक्टर, पद के लिए संबंधित विषय में स्नातक डिग्री के साथ एमबीए, लॉ, फूड सेफ्टी, फूड टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, मेडिसिन, वेटरनरी साइंस या संबंधित क्षेत्र में निर्धारित योग्यता और अनुभव होना चाहिए।
मैनेजर (आईटी) पद के लिए कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी या संबंधित क्षेत्र में बीटेक, एमटेक या एमसीए की डिग्री आवश्यक है।
जूनियर असिस्टेंट ग्रेड-II पद के लिए अभ्यर्थी का 12वीं पास होना जरूरी है। साथ ही संबंधित विभाग में नियमित सेवा और कंप्यूटर संचालन, डायरी-डिस्पैच कार्य का अनुभव होना चाहिए।
आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 56 वर्ष निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, दस्तावेज सत्यापन और विभागीय मूल्यांकन के आधार पर किया जाएगा।
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक उम्मीदवार एफएसएसएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया में रजिस्ट्रेशन, लॉगिन, आवेदन पत्र भरना और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना शामिल है।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है, कि वे आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। आवेदन की अंतिम तिथि 26 जून 2026 है।

