असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली के महरौली इलाके में एक 10 वर्षीय बच्ची के साथ हुई हैवानियत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। फुटपाथ पर सो रही गुब्बारे बेचने वाली मासूम बच्ची का कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। दिल्ली पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, घटना महरौली के सीडीआर चौक क्षेत्र की है। बच्ची अपने परिवार के साथ फुटपाथ पर सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान टैक्सी चालक बबलू उसे वहां से उठाकर अपने साथ ले गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बच्ची को गुरुग्राम की ओर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को महरौली-गुरुग्राम बॉर्डर, के जंगल क्षेत्र में फेंक दिया। बच्ची के अचानक लापता होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
दिल्ली पुलिस ने आसपास, के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही और महज 4 से 6 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बच्ची का शव भी बरामद कर लिया है,। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, स्थानीय लोगों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। वहीं, बाल सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

