प्रदीप सिंह उज्जैन। बाहरी उत्तर जिला के समयपुर बादली थाना पुलिस ने करीब तीन साल से फरार चल रहे एक आरोपी अकाउंटेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपने नियोक्ता की कंपनी के करीब ₹1.96 करोड़ की कथित हेराफेरी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को जम्मू के सांबा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, अगस्त 2023 में दिल्ली की एक निजी कंपनी की मालिक सविता गुप्ता की शिकायत पर समयपुर बादली थाने में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कंपनी में अकाउंटेंट के तौर पर काम करने वाले त्रिलोकी शर्मा ने अपनी जिम्मेदारी का दुरुपयोग करते हुए कंपनी की करीब ₹1.96 करोड़ की रकम कथित तौर पर अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर ली। इस मामले में FIR नंबर 748/2023, दिनांक 17 अगस्त 2023, धारा 409 IPC के तहत मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
तीन साल तक चला तलाश अभियान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने वित्तीय लेनदेन की बारीकी से जांच करने के साथ तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी का सुराग तलाशा। करीब तीन साल की लगातार कोशिशों के बाद पुलिस को आरोपी के सांबा, जम्मू में होने की जानकारी मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को 4 अगस्त 2026 को सांबा इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान त्रिलोकी शर्मा (32), निवासी इंद्रपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है।
रकम को कई खातों में किया ट्रांसफर
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर हेराफेरी की रकम को अपने परिचितों के दर्जनों बैंक खातों में भी ट्रांसफर किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने क्रिकेट मैचों पर कथित अवैध सट्टेबाजी में बड़ी रकम गंवाने की बात भी बताई है।
पुलिस अब आरोपी के दावों की सत्यता की जांच कर रही है और कथित तौर पर हड़पी गई रकम के पूरे लेनदेन तथा उसके इस्तेमाल का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

