प्रदीप सिंह उज्जैन। सुल्तानपुरी थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12.45 ग्राम स्मैक बरामद की है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बीती 16 अगस्त को एसआई प्रवीण, हेड कांस्टेबल राजीव और कांस्टेबल रामचंदर की टीम सुल्तानपुरी इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम लाल क्वार्टर, सी-ब्लॉक, डीटीसी बस टर्मिनल के पास पहुंची। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा।
पुलिस टीम ने शक होने पर उसका पीछा कर कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान रामा, निवासी अमन विहार, दिल्ली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद हुआ, जिसकी जांच में स्मैक होने की पुष्टि हुई। बरामद स्मैक का कुल वजन 12.45 ग्राम बताया गया है।
पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को नियमानुसार जब्त कर लिया। इस संबंध में थाना सुल्तानपुरी में FIR नंबर 475/26, धारा 21(B) NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
14 आपराधिक मामलों में रह चुका है शामिल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रामा की उम्र 45 वर्ष है और वह पहले भी आर्म्स एक्ट, लूट और NDPS एक्ट से जुड़े 14 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। इसके अलावा वह थाना सुल्तानपुरी का BC (Bad Character) भी बताया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास स्मैक कहां से आई और इस नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।

