असल न्यूज़: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से इंसानियत की मिसाल पेश करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक घर में एलपीजी सिलेंडर से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा परिवार खतरे में पड़ गया।
जानकारी के अनुसार, ललित लोधी के घर में एलपीजी सिलेंडर में लीकेज के कारण आग लग गई। घर के पास स्थित मस्जिद में उस समय सैकड़ों मुस्लिम नमाजी तरावीह की नमाज अदा कर रहे थे। जैसे ही धुआं उठता दिखाई दिया, नमाजियों ने बिना देर किए नमाज रोककर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मस्जिद से पानी की लाइन बनाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के बाद इलाके में सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि संकट की घड़ी में धर्म से ऊपर उठकर इंसानियत की मिसाल पेश की गई।

