असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में एक 25 वर्षीय अज्ञात महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला का शव बैरागी मोहल्ला के पास पाइपलाइन के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर भलस्वा डेयरी थाना पुलिस को सूचना मिली कि कूड़ा खत्ता सर्विस रोड के पास बैरागी मोहल्ला क्षेत्र में पाइपलाइन के नीचे एक महिला का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष है और उसके शरीर पर कई चोटों के निशान मौजूद हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है, कि महिला की कहीं और हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है, ताकि पहचान और जांच को प्रभावित किया जा सके। हालांकि, महिला के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं, जिसके चलते उसकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और इलाके के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

