असल न्यूज़: पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग थाना क्षेत्र स्थित मादीपुर इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग यशपाल की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी नाबालिग अपनी बहन से यशपाल की बातचीत से नाराज था। इसी रंजिश में उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, हमले के दौरान यशपाल पर कई बार चाकू से वार किए गए। घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वारदात के दौरान चाकू का एक हिस्सा टूटकर यशपाल के सीने में ही धंस गया था।
12 जून को 18 साल का होने वाला था यशपाल
मृतक यशपाल अपनी मां और बहन के साथ मादीपुर इलाके में रहता था। परिवार के मुताबिक, वह आगामी 12 जून को 18 वर्ष का होने वाला था।
यशपाल की मां ने बताया, कि शुक्रवार रात बेटे ने फोन कर कहा था कि वह घर लौट रहा है और रास्ते में होटल से खाना लेकर आएगा। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन नहीं उठा।
पुलिसकर्मी ने उठाया फोन, अस्पताल बुलाया
परिजनों के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे यशपाल के मोबाइल फोन पर दोबारा कॉल करने पर फोन एक पुलिसकर्मी ने उठाया। पुलिसकर्मी ने परिवार को बताया कि यशपाल का एक्सीडेंट हो गया है और उन्हें तुरंत पश्चिम विहार स्थित बालाजी एक्शन अस्पताल पहुंचने के लिए कहा।
जब परिवार अस्पताल पहुंचा, तो उन्हें यशपाल की मौत की सूचना मिली। इसके बाद पूरे परिवार में मातम छा गया।
हत्या का मामला दर्ज, दो नाबालिग पकड़े गए
पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश और आरोपी की बहन से बातचीत को लेकर नाराजगी थी।
पुलिस ने मुख्य, साजिशकर्ता नाबालिग समेत दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस, इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

