असल न्यूज़: चीन ने एक बार फिर भारतीय कृषि निर्यात को झटका देते हुए भारत से भेजी गई सूखी मिर्च (ड्राई चिली) की कुछ खेपों को वापस लौटा दिया है। चीनी अधिकारियों का दावा है कि इन खेपों में निर्धारित मानकों से अधिक कीटनाशक अवशेष (पेस्टिसाइड रेजिड्यू) पाए गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चीन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय सूखी मिर्च के तीन निर्यातकों पर अस्थायी रोक भी लगा दी है। चीन का कहना है कि आयातित कृषि उत्पादों में गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है।
बताया जा रहा है, कि हाल के दिनों में चीन द्वारा भारतीय कृषि उत्पादों की जांच को और सख्त किया गया है। इसी क्रम में सूखी मिर्च की कुछ खेपों की जांच के दौरान कथित तौर पर अधिक मात्रा में कीटनाशक अवशेष पाए गए, जिसके बाद उन्हें वापस भेजने का निर्णय लिया गया।
विशेषज्ञों का मानना है, कि इस कार्रवाई का असर भारतीय मिर्च निर्यातकों पर पड़ सकता है। चीन भारतीय कृषि उत्पादों के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार माना जाता है और ऐसे मामलों से निर्यात कारोबार प्रभावित होने की आशंका रहती है।
हालांकि, इस मामले में भारतीय निर्यातकों और संबंधित एजेंसियों की ओर से भी स्थिति की समीक्षा की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि गुणवत्ता मानकों और निर्यात प्रक्रियाओं को लेकर आगे आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं।
फिलहाल, दोनों देशों के बीच इस मुद्दे पर आधिकारिक स्तर पर संवाद और जांच की प्रक्रिया जारी है। आने वाले दिनों में इस मामले पर और स्पष्ट जानकारी सामने आ सकती है।

