असल न्यूज़: हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सेक्टर-87 स्थित जीवन नगर क्षेत्र में सेक्टर-29 पुल के पास बने न्यू फ्रेंड्स रेजिडेंसी OYO होटल में पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल परिसर से कई युवक और युवतियों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को होटल में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर होटल में जांच और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान होटल में मौजूद कई युवक-युवतियों के दस्तावेजों और पहचान पत्रों की जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया, कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनके होटल में ठहरने से संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। साथ ही होटल प्रबंधन से ग्राहकों के रजिस्टर, आईडी सत्यापन और अन्य जरूरी दस्तावेज भी मांगे गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि होटल में किसी प्रकार की अवैध गतिविधि तो नहीं चल रही थी। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

