प्रदीप सिंह उज्जैन। उत्तर-पश्चिम जिला की फॉरेनर सेल ने अवैध रूप से भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी को वर्ष 2025 में भारत से निर्वासित किया जा चुका था, लेकिन वह दोबारा अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर दिल्ली में रह रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित IMO ऐप इंस्टॉल वाले दो स्मार्टफोन, बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान पत्र और एक मिर्च स्प्रे बरामद किया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को फॉरेनर सेल को सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक उत्तर-पश्चिम दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे हैं। सूचना के आधार पर एसआई श्यामबीर, एचसी विक्रम, एचसी कपिल कुमार, एचसी प्रवीण, डब्ल्यू/एचसी सीमा, डब्ल्यू/एचसी दीपक, कांस्टेबल निशांत और कांस्टेबल दीपक बांगड़ की टीम ने निरीक्षक विपिन कुमार के नेतृत्व तथा एसीपी राजीव ढाका के मार्गदर्शन में थाना महेंद्र पार्क क्षेत्र स्थित एन.एस. मंडी, आजादपुर में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
2025 में किया गया था निर्वासित, फिर लौटा भारत
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपी मो. रुहुल अमीन उर्फ तुली दास के बारे में पता चला कि उसे जून 2025 में फॉरेनर सेल ने गिरफ्तार कर भारत से निर्वासित किया था। इसके बावजूद उसने अवैध रूप से दोबारा भारत में प्रवेश कर लिया और दिल्ली में रह रहा था।
दूसरे आरोपी की पहचान मो. जीबोन मिया उर्फ लिली के रूप में हुई है। दोनों के पास भारत में रहने या यात्रा करने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।
पूछताछ में हुए कई खुलासे
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय एन.एस. मंडी क्षेत्र में स्वयं को किन्नर के रूप में प्रस्तुत कर लोगों को आकर्षित करते थे। पुलिस के अनुसार, अवैध गतिविधियों के दौरान ग्राहकों पर मिर्च स्प्रे का इस्तेमाल भी किया जाता था। मो. रुहुल अमीन के बैग से एक मिर्च स्प्रे बरामद किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि मो. जीबोन मिया रसोइए का काम करता था और दोनों एक साथ रह रहे थे। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
एफआरआरओ के समक्ष पेश, निर्वासन की प्रक्रिया शुरू
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें एफआरआरओ (Foreigners Regional Registration Office) के समक्ष पेश कर दिया है। नियमानुसार दोनों के निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. रुहुल अमीन @ तुली दास तंगाइल, बांग्लादेश दूसरे आरोपी की पहचान मो. जीबोन मिया @ लिली ब्राह्मणबारिया बांग्लादेश के रूप में हुई है आरोपियों के पास से प्रतिबंधित IMO ऐप इंस्टॉल वाले 02 स्मार्टफोन, बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान पत्र, एक मिर्च स्प्रे बरामद किए गए है
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपियों के नेटवर्क व अन्य गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।

