नीति सैन। बाहरी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने एक सक्रिय ऑटो लिफ्टर एवं स्नैचर को गिरफ्तार कर वाहन चोरी के चार मामलों का खुलासा किया है। आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चार चोरी की स्कूटियां बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, स्पेशल स्टाफ की टीम इंस्पेक्टर रोहित के नेतृत्व और एसीपी ऑपरेशन वीरेंद्र दलाल की निगरानी में क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक वाहन चोर रानी बाग स्थित मिराज होटल के पास चोरी की स्कूटी पर आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा। सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान आयुष उर्फ आयुष (21 वर्ष), निवासी तिलक नगर, दिल्ली के रूप में हुई।
जांच में आरोपी के कब्जे से मिली स्कूटी रानी बाग थाना क्षेत्र से चोरी की निकली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अन्य वाहन चोरी की वारदातों का भी खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर तीन और चोरी की स्कूटियां बरामद की गईं, जो नॉर्थ रोहिणी, ख्याला और पश्चिम विहार वेस्ट थाना क्षेत्रों से चोरी हुई थीं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले से वाहन चोरी और घर में चोरी सहित चार अन्य आपराधिक मामलों में भी शामिल रहा है।
आउटर जिला पुलिस ने सभी बरामद स्कूटियों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

