असल न्यूज़: राम मंदिर में चढ़ावे और दान को लेकर उठ रहे सवालों के बीच राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नित्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास का बयान चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने मंदिर में आने वाले चढ़ावे और दान को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
महंत कमल नयन दास ने कहा कि यदि चढ़ावे और दान के प्रबंधन को लेकर किसी प्रकार के आरोप लगाए जा रहे हैं तो उनकी जांच होनी चाहिए। हालांकि उन्होंने जांच एजेंसियों और व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा, “जांच कौन करेगा? सब के सब बेईमान हैं। अब भगवान ही जांच करेंगे।”
उन्होंने बिना किसी व्यक्ति या संस्था का नाम लिए कहा कि ऐसे कई लोग हैं जो पहले साधारण जीवन जीते थे, लेकिन आज आलीशान मकानों में रह रहे हैं और महंगी गाड़ियों में घूम रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं किस-किस का नाम गिनाऊं।”
महंत कमल नयन दास ने आगे कहा, कि हर व्यक्ति को उसके कर्मों का फल अवश्य मिलता है और भगवान सभी के कार्यों का हिसाब रखते हैं। उनके अनुसार सत्य को लंबे समय तक छिपाया नहीं जा सकता और जो भी गलत करेगा, उसे उसके कर्मों का परिणाम भुगतना पड़ेगा।
गौरतलब है, कि पिछले कुछ समय से राम मंदिर में आने वाले चढ़ावे और दान के उपयोग को लेकर विभिन्न प्रकार के आरोप और दावे सामने आ रहे हैं। हालांकि अब तक इन आरोपों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही किसी जांच एजेंसी की ओर से कोई निष्कर्ष सामने आया है।
महंत कमल नयन दास, के इस बयान के बाद एक बार फिर मंदिर में दान और चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर बहस तेज हो गई है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि क्या भविष्य में इस मामले की कोई आधिकारिक जांच होती है या नहीं।
नोट: इस मामले में लगाए गए आरोपों और बयानों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। समाचार में प्रकाशित जानकारी संबंधित पक्षों के बयानों पर आधारित है। किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले आधिकारिक जांच और तथ्यों का इंतजार किया जाना चाहिए।

