असल न्यूज़: दक्षिणी दिल्ली के महरौली इलाके में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक पुराने तीन मंजिला मकान को तोड़ने के दौरान इमारत का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने तत्काल इलाके को घेरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। मलबे को हटाने का काम जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसे के समय इमारत या उसके आसपास कोई व्यक्ति मौजूद था या नहीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुरानी इमारत को गिराने का कार्य चल रहा था, तभी अचानक उसका एक बड़ा हिस्सा ढह गया। तेज आवाज के साथ इमारत गिरने से आसपास के लोग दहशत में आ गए।
फिलहाल पुलिस, और राहत एजेंसियां मलबे की गहन जांच कर रही हैं। अभी तक किसी के घायल होने या हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घटनास्थल से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
अधिकारियों का कहना है, कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। वहीं हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

