असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली में करीब पांच महीने बाद एक बार फिर नए ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन शुरू होने जा रहे हैं। दिल्ली सरकार 15 मई से ई-रिक्शा रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू करेगी। हालांकि इस बार सरकार ने नए नियम लागू किए हैं, जिनके तहत एक व्यक्ति केवल एक ही ई-रिक्शा खरीदकर उसका रजिस्ट्रेशन करा सकेगा।
सरकार का उद्देश्य राजधानी की सड़कों पर तेजी से बढ़ रही ई-रिक्शा की संख्या को नियंत्रित करना और ट्रैफिक जाम व सड़क हादसों को कम करना है। वर्तमान में दिल्ली में 2.06 लाख से अधिक ई-रिक्शा रजिस्टर्ड हैं।
एक डीएल पर होगा सिर्फ एक ई-रिक्शा रजिस्ट्रेशन
दिल्ली के परिवहन मंत्री Dr. Pankaj Kumar Singh ने बताया कि ई-रिक्शा राजधानी में लास्ट माइल कनेक्टिविटी का एक बेहतर माध्यम है, लेकिन इसकी बढ़ती संख्या ट्रैफिक व्यवस्था पर असर डाल रही है। इसी को देखते हुए सरकार ने कंपनियों और व्यक्तियों द्वारा बल्क में ई-रिक्शा रजिस्ट्रेशन पर रोक लगाने का फैसला लिया है।
उन्होंने कहा कि अब एक ड्राइविंग लाइसेंस (DL) पर सिर्फ एक ही ई-रिक्शा का पंजीकरण किया जा सकेगा। इसके अलावा ई-रिक्शा चालकों के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम भी अनिवार्य किया गया है।
ट्रेनिंग सर्टिफिकेट होगा जरूरी
अधिकारियों के अनुसार, ई-रिक्शा रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदक के पास आधार कार्ड, वैध ड्राइविंग लाइसेंस और परिवहन विभाग द्वारा आयोजित 10 दिन के ट्रेनिंग प्रोग्राम का सर्टिफिकेट होना जरूरी होगा।
चालकों को ट्रेनिंग के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा। सरकार का कहना है कि इस पहल से सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाया जा सकेगा और ई-रिक्शा चालकों को ट्रैफिक नियमों की सही जानकारी मिलेगी।
ई-कार्ट को मिलेगी विशेष छूट
सरकार ने ई-कार्ट को बल्क रजिस्ट्रेशन प्रतिबंध से बाहर रखा है। अधिकारियों के मुताबिक, कई शिक्षण संस्थान और हाउसिंग सोसायटी कैंपस के भीतर सुविधा के लिए ई-कार्ट का इस्तेमाल करते हैं।
ऐसे मामलों में 5 से 10 ई-कार्ट एक साथ खरीदने और रजिस्ट्रेशन कराने की अनुमति दी जाएगी। हालांकि इन ई-कार्ट को केवल कैंपस परिसर के भीतर चलाने की इजाजत होगी, सार्वजनिक सड़कों पर इन्हें चलाने की अनुमति नहीं होगी।
ईवी मैन्युफैक्चरिंग सोसायटी ने जताई खुशी
दिल्ली में ई-रिक्शा रजिस्ट्रेशन दोबारा शुरू होने पर EVMS ने सरकार का स्वागत किया है।
ईवीएमएस के महासचिव Rajeev Tuli ने कहा कि मुख्य विवाद ई-रिक्शा चालकों की ट्रेनिंग और सर्टिफिकेट प्रक्रिया को लेकर था। अब सर्टिफिकेट जारी करने वाला पोर्टल दोबारा शुरू होने से ई-रिक्शा चालकों और उद्योग को राहत मिलेगी।

